जमशेदपुर: उलीडीह में शातिर युवक ने ज्वेलरी दुकान को बनाया निशाना, 24 लाख के गहने लेकर फरार, देखें Video

जमशेदपुर: शहर के उलीडीह थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली चोरी की घटना सामने आई है, जहां एक शातिर युवक ने आभूषण दुकान के संचालक को झांसे में लेकर लाखों रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। यह घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे शंकोसाई रोड नंबर-1 स्थित हरि मंदिर के पास विश्वनाथ ज्वेलर्स में हुई।

Trulli

दुकान के संचालक विश्वनाथ दत्ता के पुत्र अभिजीत उस समय दुकान संभाल रहे थे। इसी दौरान एक युवक ग्राहक बनकर दुकान में आया और आभूषण देखने की बात कही। अभिजीत ने उसे कई गहने दिखाए। युवक ने उनमें से एक आभूषण पसंद किया और उसे खरीदने की बात कहते हुए एक हजार रुपये एडवांस देकर शाम को लेने आने की बात कहकर चला गया।

कुछ देर बाद अभिजीत को शक हुआ और उसने सामान की जांच की, तो पाया कि एक डिब्बे में रखे कीमती आभूषण गायब हैं। जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई तो चोरी की पुष्टि हुई। अभिजीत के अनुसार, चोरी हुए गहनों की कीमत लगभग 23 से 24 लाख रुपये बताई जा रही है।

 

पहले भी कर चुका था रेकी

बताया जा रहा है कि आरोपी युवक सोमवार शाम को भी दुकान पर आया था। उस दिन उसने 5700 रुपये के आभूषण खरीदे थे और बिल “स्वाति नायक” के नाम से बनवाया था। इससे आशंका जताई जा रही है कि उसने पहले ही दुकान की रेकी कर ली थी और मंगलवार को सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है। इस घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।