जमशेदपुर में युवक की मौत: चापड़ से हमले के बाद इलाज के दौरान तोड़ा दम, आरोपी फरार

जमशेदपुर: शहर के गोलमुरी थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां टुङलाडूंगरी निवासी 20 वर्षीय कमलजीत सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी युवक मिलन फरार चल रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

Trulli

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले मिलन ने कथित रूप से शराब के नशे में कमलजीत सिंह पर चापड़ से हमला कर दिया था। इस हमले में कमलजीत गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने उसे आनन-फानन में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया।

 

बताया जा रहा है कि 12 मार्च को रिम्स से फिर उसे एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के बाद उसकी स्थिति में कुछ सुधार होने पर उसे छुट्टी दे दी गई थी। परिजन उम्मीद कर रहे थे कि वह धीरे-धीरे ठीक हो जाएगा, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

 

बीती रात अचानक कमलजीत की तबीयत फिर से बिगड़ गई। घबराए परिजनों ने पहले उसे सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे दोबारा एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। एमजीएम में इलाज के दौरान ही युवक ने दम तोड़ दिया, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।

 

मृतक के पिता मनोज सिंह ने बताया कि उनका बेटा मूल रूप से मेहनत-मजदूरी कर परिवार का सहारा था और महोलबेड़ा स्थित शिव मोटर में पुरानी गाड़ियों की खरीद-बिक्री का काम करता था। बेटे की असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट चुका है।

 

इधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी मिलन की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है, लेकिन अभी तक वह पुलिस की पकड़ से बाहर है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।