जमशेदपुर: शहर के गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत टुडलाडूंगरी स्थित बजरंग नगर इलाके में बुधवार को एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां बेखौफ अपराधियों ने सरेराह एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 वर्षीय आकाश सिंह पर अचानक तीन हमलावरों ने घेरकर धारदार चापड़ से ताबड़तोड़ वार कर दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर बेहद आक्रामक थे और उन्होंने युवक को संभलने का मौका तक नहीं दिया।
हमले की बर्बरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरोपियों ने युवक के पेट, सिर और पीठ पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल युवक को बिष्टुपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ले जाया गया, जहां उसे शाम करीब 4:31 बजे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, अत्यधिक खून बह जाने के कारण युवक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम उसका इलाज करने में जुटी हुई है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और फरार हमलावरों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोग पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।