उलीडीह में दिनदहाड़े फायरिंग: युवक की हत्या की कोशिश, चार आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर: जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत डिमना बस्ती रोड स्थित उमा टिफिन के पास बुधवार को दिनदहाड़े फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई। अपराधियों ने युवक विक्की सिंह उर्फ विक्की पर जानलेवा हमला करते हुए गोली चला दी। इस हमले में विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Trulli

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 30 मार्च 2026 की है, जब विक्की सिंह इलाके में मौजूद था। तभी तीन से चार की संख्या में आए हमलावरों ने उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली विक्की के हाथों में लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही उलीडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में कुणाल सिंह उर्फ लल्ला, रजत कुमार, राजू सिंह सरदार और विकास महतो उर्फ विक्की शामिल हैं। सभी आरोपी पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं।

 

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, 7.65 एमएम की दो जिंदा गोलियां, 8 एमएम की एक गोली और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

 

बताया जा रहा है कि यह हमला पुरानी रंजिश के कारण किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी विकास महतो ने अपने साथियों के साथ मिलकर विक्की सिंह की हत्या की साजिश रची थी। हालांकि, समय रहते घायल को अस्पताल पहुंचा दिए जाने से उसकी जान बच गई।

 

पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की कार्रवाई जारी है। वहीं, इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है, लेकिन पुलिस ने लोगों को आश्वस्त किया है कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।