हाईवे पर पत्नी से विवाद बना बवाल: हथियार लहराकर आरोपी ने मचाई दहशत, पुलिस कर रही तलाश, देखें Video

जमशेदपुर: आजाद नगर थाना क्षेत्र में एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना सामने आई है। गंगोर स्वीट्स के पास सरेआम हुए इस हंगामे ने इलाके में भय का माहौल बना दिया। एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ बीच सड़क पर मारपीट की और विरोध होने पर हथियार निकालकर लोगों को डराने की कोशिश की।

Trulli

जानकारी के मुताबिक, आरोपी शारिक इमाम अपनी पत्नी को किसी बात को लेकर समझाने के बहाने दोस्त सलमान के साथ बाइक से हाईवे की ओर ले गया था। वापस लौटते समय दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही हिंसक रूप ले बैठी। बीच सड़क पर ही आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी।

महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और बीच-बचाव की कोशिश करने लगे। भीड़ बढ़ती देख आरोपी और उसका साथी बौखला गए और अपने पास रखा हथियार निकालकर लोगों को डराने लगे। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

 

इस दौरान एक युवक ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन दोनों किसी तरह मौके से फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने महिला को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।

 

मौके पर पहुंची आजाद नगर थाना पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पति के साथ उसका पहले से ही विवाद चल रहा था, जो इस घटना में बदल गया।

 

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त करने की मांग की है।