जमशेदपुर में दहशत फैलाने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, देशी कट्टा और जिंदा गोली बरामद, पुलिस ने सड़क पर कराया पैदल मार्च, देखें Video

जमशेदपुर: आज़ादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड में दहशत फैलाने वाले दो अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद इलाके में कानून-व्यवस्था का संदेश देने के लिए पुलिस ने आरोपियों के साथ पैदल मार्च भी निकाला। इस संबंध में सिटी एसपी कुमार शिवाशिष ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी।

Trulli

उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल की रात करीब 10:15 बजे गंगौर स्वीट्स के सामने मारपीट और हंगामे की सूचना मिली थी। मौके पर शेख सारिक ईमाम उर्फ आयान अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था। जब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने लोगों को डराने के लिए देशी कट्टा लहराया और अपने साथी मो. सलमान के साथ बाइक पर फरार हो गया।

घटना के बाद आज़ादनगर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी पटमदा बच्चनदेव कुजूर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने लगातार छापेमारी करते हुए 2 अप्रैल की शाम गुप्त सूचना के आधार पर कपाली लिंक रोड (ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-15) के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

 

तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी शेख सारिक ईमाम के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया, जबकि उसके साथी सलमान के पास से 8 एमएम की एक जिंदा गोली बरामद हुई। पुलिस ने इस मामले में आर्म्स एक्ट के तहत नया कांड दर्ज किया है।

 

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। इसी वर्ष जनवरी में उसके खिलाफ मारपीट और साजिश रचने का मामला दर्ज किया गया था।

 

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को इलाके में पैदल मार्च कराते हुए आम जनता को यह संदेश दिया कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सिटी एसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

 

इस सफल अभियान में डीएसपी बच्चनदेव कुजूर, आज़ादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार, सब-इंस्पेक्टर पवन कुमार, मनीष कुमार, श्रीकांत कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।