जमशेदपुर: कदमा में क्रेन ऑपरेटर के घर लाखों की चोरी, पीछे का ग्रिल तोड़कर घुसे चोर, देखें Video

जमशेदपुर: शहर के कदमा थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां चोरों ने एक क्रेन ऑपरेटर के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।

Trulli

मिली जानकारी के अनुसार, कालिंदी रोड निवासी लोकेश कुमार, जो बिष्टुपुर थाना में क्रेन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत हैं, शुक्रवार शाम एक सड़क दुर्घटना के सिलसिले में जुबली पार्क के पास गए हुए थे। उसी दौरान उनके बच्चे ट्यूशन के लिए बाहर थे, जबकि उनकी पत्नी टाटा स्टील में ड्यूटी पर थीं। घर पूरी तरह से खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

 

बताया जा रहा है कि चोर घर के पीछे लगे ग्रिल को तोड़कर अंदर घुसे और पूरे घर में रखे सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया। देर शाम जब लोकेश कुमार घर लौटे, तो उन्होंने देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा है और पीछे का दरवाजा टूटा हुआ है। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

 

सूचना मिलते ही कदमा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित ने शनिवार को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उनके अनुसार चोरों ने घर से करीब 10 से 12 लाख रुपये मूल्य के गहने और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए हैं।

 

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।