झारखंड के तीन जिलों के कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

झारखंड के तीन जिलों में एक बार फिर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। सोमवार को रांची, धनबाद और साहिबगंज के सिविल कोर्ट को ईमेल के जरिए धमकी दी गई, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं।

Trulli

 

धमकी भरा ईमेल मिलते ही संबंधित जिलों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बम निरोधक दस्ते तथा खोजी कुत्तों की मदद से पूरे कोर्ट परिसर की सघन जांच की गई। एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और आने-जाने वाले लोगों की सख्ती से जांच की गई।

 

हालांकि, जांच अभियान के दौरान किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरत रही हैं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

 

गौरतलब है कि इससे पहले 30 मार्च को दिल्ली पुलिस ने मैसूर से 47 वर्षीय श्री निवास लूकस को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि उसने अपने ईमेल आईडी के जरिए देशभर के कोर्ट और सरकारी संस्थानों को करीब 1100 धमकी भरे ईमेल भेजे थे।

 

इस ताजा धमकी के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां और अधिक सतर्क हो गई हैं तथा ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए तकनीकी जांच तेज कर दी गई है।