जमशेदपुर: धतकीडीह कब्रिस्तान के पास दो नाबालिगों की पिटाई, एक का हाथ टूटा, एक आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर: शहर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धतकीडीह कब्रिस्तान के पास सोमवार को दो नाबालिग बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

Trulli

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाबालिग कुणाल सिंह और रणवीर मुखी कब्रिस्तान के पास खेल रहे थे। इसी दौरान उनकी गेंद कब्रिस्तान के अंदर चली गई। जब दोनों बच्चे गेंद लेने अंदर गए, तभी वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि बच्चों को बांस से पीटा गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

इस घटना में कुणाल सिंह को गंभीर चोट आई है और उनका हाथ टूट गया। उन्हें तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मारपीट में शामिल कुछ लोगों की पहचान की जा रही है। वहीं “अफसरा टेंट हाउस” के मालिक का नाम भी सामने आ रहा है, जिसने कथित तौर पर बच्चों पर चोरी का आरोप लगाते हुए उनकी पिटाई की। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना की सूचना मिलते ही क्यूआरटी टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।