आदित्यपुर में दिनदहाड़े फायरिंग, CCTV में कैद हुई वारदात से फैली दहशत

सरायकेला-खरसावां: जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें अपराधियों की बेखौफ हरकतें साफ नजर आ रही हैं।

Trulli

 

घटना सुबह करीब 6:55 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बदमाश सपन दास के घर के पास पहुंचे और खिड़की की ओर निशाना साधकर तीन राउंड फायरिंग की। उस वक्त घर के सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और एक बड़ा हादसा टल गया।

 

फायरिंग की घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो युवक पैदल थे, जबकि एक अन्य युवक स्कूटी पर सवार होकर उनका साथ दे रहा था।

 

घटनास्थल से पुलिस ने दो खोखा बरामद किया है, जिससे साफ है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।

 

पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।