जमशेदपुर से सटे दलमा वन क्षेत्र में शनिवार रात एक गंभीर घटना सामने आई, जहां एक आल्टो कार में सवार चार युवकों ने वन विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। बताया जा रहा है कि सभी युवक शराब के नशे में धुत थे।

घटना उस समय हुई जब वन विभाग के कर्मियों ने रात होने के कारण दलमा पहाड़ पर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाते हुए चेक नाका पर आल्टो कार को रोका। इस पर कार सवार युवकों ने विवाद शुरू कर दिया और देखते ही देखते वनकर्मियों के साथ मारपीट करने लगे।
मारपीट की घटना को देख आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कार को घेर लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने भी आरोपियों की जमकर पिटाई कर दी। स्थिति बिगड़ते देख कार सवार युवक वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले।
इस घटना में वन विभाग के तीन कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हालांकि, वन विभाग के कर्मचारियों और ग्रामीणों की मदद से एक युवक को पकड़ लिया गया। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से गांजा और एक धारदार हथियार बरामद किया गया है।
वन विभाग के कर्मी संदीप मारडी ने बताया कि रात में वाहन प्रवेश वर्जित होने के बावजूद युवकों ने जबरन अंदर जाने की कोशिश की और रोकने पर हमला कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।