जमशेदपुर के टेल्को क्षेत्र स्थित Tata Motors के मुख्य गेट नंबर-1 पर मंगलवार को शहर के चर्चित समाजसेवी Bunty Singh के नेतृत्व में जोरदार धरना प्रदर्शन किया गया। बंटी सिंह अपने समर्थकों के साथ गेट पर डटे रहे और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध जताया।

धरना स्थल पर समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही। इस दौरान “बंटी सिंह जिंदाबाद” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। लगातार नारेबाजी और प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिससे गेट के आसपास आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर क्यूआरटी (QRT) टीम के साथ टेल्को थाना और गोविंदपुर थाना की पुलिस सहित भारी संख्या में सुरक्षाबल तैनात किए गए। प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर मामला शांत कराने का प्रयास किया, हालांकि खबर लिखे जाने तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया था।
धरना किस मुद्दे को लेकर किया जा रहा है, इस पर प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर लगातार आवाज बुलंद कर रहे हैं। वहीं प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर कड़ी नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है।