रांची में जमशेदपुर की महिला डेंटिस्ट से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी बंगाल से गिरफ्तार

रांची के लालपुर थाना क्षेत्र से एक गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है। एमडीएस (मास्टर इन डेंटल सर्जरी) की तैयारी कर रही एक महिला डेंटिस्ट के साथ कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है।

Trulli

 

जन्मदिन की पार्टी में हुई वारदात

जानकारी के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से जमशेदपुर की रहने वाली है और रांची में रहकर पढ़ाई कर रही थी। 9 अप्रैल को वह अपनी एक सहेली के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने लालपुर स्थित उसके घर पहुंची थी। पार्टी में कुल पांच लोग मौजूद थे, जिनमें तीन युवक और दो युवतियां शामिल थीं।

 

पिज्जा खाने के बाद बिगड़ी हालत

पीड़िता के बयान के मुताबिक, रात करीब 8 बजे केक काटने के बाद उसने पिज्जा खाया, जो पार्टी में मौजूद दानिश नाम के युवक ने लाकर दिया था। आरोप है कि पिज्जा खाने के कुछ ही देर बाद उसे चक्कर आने लगे और वह असहज महसूस करने लगी। इसके बाद वह आराम करने के लिए एक कमरे में चली गई। इसी दौरान आरोपी ने कमरे में जाकर उसकी बेसुध हालत का फायदा उठाते हुए दुष्कर्म किया।

 

अस्पताल में भर्ती के बाद मामला उजागर

अगली सुबह होश आने पर पीड़िता ने अपनी सहेली को पूरी घटना बताई। बाद में उसकी तबीयत बिगड़ने पर 11 अप्रैल को उसे रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता का बयान दर्ज किया गया।

 

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

लालपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की। आरोपी की लोकेशन ट्रैक कर उसे पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि पार्टी में मौजूद अन्य लोगों की इस घटना में कोई भूमिका या जानकारी थी या नहीं।

 

जांच जारी

फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। साथ ही पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि आरोपी के खिलाफ मजबूत कार्रवाई की जा सके।