Jamshedpur: शहर स्थित बोधी सोसायटी परिसर में 2570वीं बुद्ध जयंती बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन बोधी सोसायटी के तत्वावधान में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बौद्ध अनुयायियों, समाजसेवियों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6 बजे विश्व शांति प्रार्थना से हुई। इसके बाद बौद्ध भिक्षुओं और सोसायटी सदस्यों द्वारा विश्व बौद्ध ध्वजारोहण किया गया। सोसायटी अध्यक्ष आलोक रंजन बरुआ ने भगवान बुद्ध के शांति, करुणा और सद्भाव के संदेश को उपस्थित लोगों के बीच रखा।

इस अवसर पर सामाजिक सेवा के कई कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। 55 लोगों ने निःशुल्क रक्तदान किया, जबकि 265 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सोसायटी के सदस्यों ने शहर के विभिन्न अस्पतालों और अनाथालयों में जाकर मरीजों एवं जरूरतमंदों के बीच फल वितरण किया। हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
दोपहर में आयोजित धर्मसभा में बौद्ध भिक्षुओं ने भगवान बुद्ध के विचारों पर प्रकाश डालते हुए समाज में प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश दिया। वहीं शाम को बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान चित्रांकन प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मुख्य अतिथि शेखर डे द्वारा सम्मानित किया गया। विभिन्न समूहों में नायरा सिन्हा, नयन संतरा, ऋषित राज और पी सृष्टि को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। स्कूल ऑफ होप के बच्चों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह में महासचिव साधन बरुआ समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूरे आयोजन में श्रद्धा, सेवा और सांस्कृतिक उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।