Golmuri थाना क्षेत्र के आरडी टाटा गोलचक्कर के पास रविवार को सड़क दुर्घटना के बाद हुए हंगामे और सड़क जाम मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, अवैध रूप से भीड़ जमा करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप में 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, RD Tata Golchakkar पर सड़क जाम के दौरान प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की। इस वजह से यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हुई और पुलिस के कार्य में भी बाधा उत्पन्न हुई।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो फुटेज की मदद से हंगामे में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पहचान पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि रविवार दोपहर इसी स्थान पर एक पिकअप वाहन की चपेट में आने से स्कूटी सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर यातायात सामान्य कराया।