जमशेदपुर में फिर पुलिस-अपराधी मुठभेड़, हथियार छीनकर फायरिंग की कोशिश करने वाला अपराधी घायल

जमशेदपुर: शहर में एक बार फिर पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। इस बार पुलिस हिरासत में लिए गए अपराधी ने बरामदगी के दौरान पुलिस जवान की सर्विस रिवॉल्वर छीनकर फायरिंग करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उसकी कोशिश नाकाम हो गई। जवाबी कार्रवाई में अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जिसका इलाज MGM Medical College and Hospital में चल रहा है।

Trulli

घायल अपराधी की पहचान हरपाल सिंह उर्फ गबरु के रूप में हुई है। उसे सोमवार रात शहर में हुई चेन स्नैचिंग की घटना के बाद पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। जानकारी के अनुसार सोमवार शाम Telco इलाके में एक महिला से चेन छिनतई की सूचना मिलते ही शहर के करीब आधा दर्जन थानों की पुलिस सक्रिय हो गई और पूरे शहर में नाकेबंदी कर दी गई।

खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी घायल हो गया, जबकि दो अन्य बदमाश बचने के लिए Sidgora स्थित जैप-6 मुख्यालय में घुस गए। बाद में पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

 

घटना में नया मोड़ तब आया जब देर रात सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैयाज अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम गिरफ्तार अपराधी हरपाल सिंह उर्फ गबरु को छिनतई गई चेन की बरामदगी के लिए टाउन हॉल के पास लेकर पहुंची। इसी दौरान आरोपी ने टाइगर मोबाइल जवान तबरेज की सर्विस रिवॉल्वर छीन ली और फायरिंग करने का प्रयास किया। हालांकि जवान बाल-बाल बच गया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गबरु घायल हो गया।

 

इस घटना ने जनवरी में हुए चर्चित कैरव गांधी अपहरण कांड की यादें ताजा कर दी हैं, जिसमें भी आरोपी द्वारा पुलिस हथियार छीनकर फायरिंग करने का दावा किया गया था। ताजा घटना के बाद एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली और अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

 

शहर में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच इस मुठभेड़ ने सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर नई बहस छेड़ दी है।