जमशेदपुर में ट्रैफिक जांच के दौरान कथित अवैध वसूली पर बड़ी कार्रवाई, दो एएसआई निलंबित

जमशेदपुर: जमशेदपुर में ट्रैफिक जांच के दौरान कथित अवैध वसूली के दो मामलों में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सहायक अवर निरीक्षकों (एएसआई) को निलंबित कर दिया है। दोनों मामलों की जांच ट्रैफिक डीएसपी स्तर पर कराई गई, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया।

Trulli

 

पहला मामला साकची थाना क्षेत्र का है, जहां थाना गेट के पास चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के दौरान एक चालक से कथित रूप से अवैध वसूली करने का आरोप सामने आया। शिकायत के अनुसार, प्रदूषण प्रमाणपत्र नहीं होने का हवाला देकर चालक से रुपये की मांग की गई। चालक के पास नकद राशि नहीं होने पर साकची ट्रैफिक थाना में पदस्थापित एएसआई शिवशंकर पासवान ने कथित तौर पर एक दुकानदार के खाते में ऑनलाइन भुगतान करवाया। यह घटना 8 मई की बताई जा रही है। मामले की जांच के बाद आरोप सही पाए जाने पर संबंधित एएसआई को निलंबित कर दिया गया।

 

वहीं दूसरा मामला टाटानागर रेलवे स्टेशन के समीप का है, जहां जुगसलाई ट्रैफिक थाना के एएसआई जय कुमार दास पर एक बाइक चालक से 10 हजार रुपये मांगने का आरोप लगा। शिकायतकर्ता, जो जनगणना कार्य से जुड़े एक शिक्षक बताए जा रहे हैं, ने आरोप लगाया कि सभी वैध दस्तावेज दिखाने के बावजूद उन्हें काफी देर तक रोके रखा गया और बाद में जुर्माने के नाम पर बड़ी रकम की मांग की गई।

 

मामला उस समय और गंभीर हो गया जब शिकायतकर्ता द्वारा फोन पर बात कराने के अनुरोध को भी कथित रूप से अस्वीकार कर दिया गया। इसके बाद स्थानीय विधायक स्वयं मौके पर पहुंचे थे। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद एएसआई जय कुमार दास को भी निलंबित कर दिया गया।

 

पुलिस विभाग ने साफ कहा है कि आम लोगों के साथ किसी भी प्रकार की अवैध वसूली, दुर्व्यवहार या भ्रष्ट आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले कर्मियों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।