जमशेदपुर: बिस्टुपुर में देर रात खूनी बवाल: डीडी डबल डाउन के बाहर चाकूबाजी, दो युवक गंभीर, CCTV से पुलिस पर उठे सवाल, देखें वीडियो

जमशेदपुर के बिस्टुपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। 27 जून की रात करीब 11:30 बजे DD Double Down के बाहर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जो देखते ही देखते चाकूबाजी में बदल गई। इस हमले में हिमांशु और प्रत्यूष नामक दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हिमांशु की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

Trulli

घटना की सूचना मिलते ही बिस्टुपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून फैला हुआ मिला। दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए Tata Main Hospital भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

 

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत एक युवती के साथ कथित छेड़छाड़ का विरोध करने को लेकर हुई। बताया जा रहा है कि कदमा से आए कुछ युवक एक लड़की को परेशान कर रहे थे। इसी दौरान बर्मामाइंस निवासी हिमांशु और प्रत्यूष ने विरोध किया, जिसके बाद मामला हिंसक हो गया। हालांकि पुलिस अभी किसी एक वजह की पुष्टि नहीं कर रही है और हर पहलू से जांच जारी है।

 

घटनास्थल से पुलिस ने खून के निशान, एक चप्पल और वारदात में इस्तेमाल किए गए डैगर का कवर बरामद किया है। इस बीच घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर आरोपी पुलिस PCR वाहन के पास से निकलकर दोनों युवकों पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के दौरान पुलिस मौजूद थी, लेकिन हमलावरों में पुलिस का कोई डर नजर नहीं आया। CCTV फुटेज में अपराधियों का बेखौफ अंदाज यह दिखाता है कि शहर में कानून व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ रही है।

 

फिलहाल बिस्टुपुर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह और शामिल लोगों की पहचान स्पष्ट हो पाएगी।