Jamshedpur : शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल Sakchi Market में शुक्रवार को अचानक उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जुबली स्टॉल के पास एक युवक ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद बाजार में मौजूद दुकानदारों और राहगीरों के बीच दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक पैदल बाजार पहुंचा और दहशत फैलाने की नीयत से एक राउंड गोली चलाने के बाद मौके से फरार हो गया। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कुछ देर के लिए पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फायरिंग करने वाला युवक Golmuri क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक उसकी पहचान या घटना के पीछे की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।