जमशेदपुर: उलीडीह थाना क्षेत्र के बालीगुमा इलाके में देर रात हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना में राजनगर निवासी देवदास गौड़ घायल हो गया। राहत की बात यह रही कि गोली उसके गले को छूते हुए निकल गई, जिससे उसकी जान बच गई।

घटना के बाद घायल देवदास को उसके साथियों ने तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अस्पताल पहुंचे देवाशीष पोद्दार, नीरज प्रधान और आरआईटी थाना में पदस्थापित एएसआई पंकज कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सभी लोग अलग-अलग बयान दे रहे हैं। घायल देवदास ने बताया कि वह राजनगर का रहने वाला है और अपने भाई के साथ बालीगुमा आया था, लेकिन रात में क्या हुआ उसे कुछ याद नहीं है।
मामले को लेकर थाना प्रभारी सचिन दास ने बताया कि सभी लोग नशे की हालत में थे। आशंका है कि नशे के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद गोली चली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
फिलहाल इस गोलीकांड को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं, जिनका जवाब जांच पूरी होने के बाद सामने आएगा।