जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन (Double Down) के बाहर बीते दिनों हुई चाकूबाजी की गंभीर घटना में घायल युवक हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, घटना में गंभीर रूप से घायल हिमांशु का इलाज Tata Main Hospital (TMH) में चल रहा था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि 27 जून की देर रात करीब 11:30 बजे बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन क्लब के बाहर दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, महिलाओं के साथ कथित छेड़छाड़ का विरोध करने के बाद विवाद बढ़ा और मामला हिंसक झड़प में बदल गया। इसी दौरान हमलावरों ने हिमांशु सिंह और उसके साथी प्रत्युष सिंह पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था।
घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया था, जहां हिमांशु की हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी। सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मौत की खबर सामने आते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना के दौरान मौके पर पुलिस की मौजूदगी और कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि हमले के दौरान पुलिसकर्मी मौजूद थे, लेकिन समय पर हस्तक्षेप नहीं हो सका। इस पूरे मामले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है।
फिलहाल बिष्टुपुर थाना पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। हिमांशु की मौत के बाद मामला अब और गंभीर हो गया है और शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है।