बिहार के वैशाली से एक दिल को झकझोरने वाली घटना सामने आ रही है। यहां एक लड़की के साथ चलते ट्रक में सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इसके बाद पीड़िता को सड़क किनारे उतारकर दरिंदे फरार हो गए। घटना जिले के महुआ थाना क्षेत्र की है। मामले की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पीड़िता के आवेदन पर मामले में कार्रवाई शुरू की। इसके साथ ही पीड़िता को मेडिकल टेस्ट के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया गया।
इस तरह ट्रक में पहुंची पीड़िता
बताया जा रहा है कि किसी महिला ने मुजफ्फरपुर के एक गांव की लड़की को बहला-फुसलाकर ट्रक पर चढ़ा दिया था। इसके बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। वहीं, घटना के बाद ट्रक चालक ने लड़की को सड़क किनारे उतार दिया और फरार हो गया। पीड़िता ने पूरी बात अपनी मां को बताई। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
वहीं, बताया गया कि देह व्यापार करने वाली महिला ने लड़की को काम के बदले पैसे का प्रलोभन दिया था। इसके बाद वह पीड़िता को घर से ले गई। उसने लड़की को एक ट्रक में चढ़ा दिया और खुद फरार हो गई। फिर चलती ट्रक में रेप की वारदात हुई।
पुलिस ने किया महिला को गिरफ्तार
घटना के संबंध में जानकारी मिलने के बाद से ही लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों को उस महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है, जिसने लड़की को ट्रक पर चढ़ाया था। फिलहाल, पुलिस महिला को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार महिला की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद निसार की पत्नी पातिजा खातून उर्फ फूलो देवी के रूप में की गई है।
थानाध्यक्ष ने क्या बताया
घटना को लेकर महुआ थाना अध्यक्ष सुभाष प्रसाद ने जानकारी दी कि लड़की से पूछताछ में जो बात सामने आयी है, उसके अनुसार एक महिला पैसे उसे घर से ले गई थी। इसके बाद महिला ने उसे एक ट्रक में चढ़ा दिया और खुद उतर गई। इसके बाद ट्रक में ही 2 युवकों ने उसके साथ रेप किया। फिर आरोपियों ने लड़की को हाकिमपुर मंदिर के पास ट्रक से उतारा और फरार हो गए। पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है।