गुजरात के अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए उड़ान भर रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 171 गुरुवार दोपहर एक हादसे का शिकार हो गई। इसमें 204 लोगों के मारे जाने की खबर की पुष्टि हो चुकी है। बता दें कि विमान में कुल 242 यात्री सवार थे। यात्रियों की सूची सार्वजनिक कर दी गई है, जिसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का नाम भी शामिल है। घटना के बाद स्थिति को स्पष्ट करने और जानकारी उपलब्ध कराने के लिए एयर इंडिया ने हेल्पलाइन नंबर 1800 5691 444 जारी किया है।

एयर इंडिया ने सोशल मीडिया मंच एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जारी बयान में कहा है, “फ्लाइट संख्या AI171, जो अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए रवाना हुई थी, दुर्भाग्यवश दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 1 कनाडाई और 7 पुर्तगाली नागरिक सवार थे।” फिलहाल हादसे के कारणों और हताहतों को लेकर आधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है। एयर इंडिया और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं।