झारखंड में आज यानी 17 जून से मॉनसून का असर दिखने लगा है। राज्य के कई जिलों में तेज हवा के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इससे मौसम में ठंडक आएगी और लोग गर्मी से राहत महसूस करेंगे। राजधानी रांची में आज सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने मौसम को सुहाना महसूस किया।

मौसम विभाग ने राज्य भर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। बताया गया है कि गरज, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। सोमवार देर रात गढ़वा, गुमला, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, देवघर, गिरिडीह और हजारीबाग जैसे जिलों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा गर्मी मेदिनीनगर में रही, जहां तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं रांची में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में झारखंड के कई हिस्सों में बारिश होती रहेगी। साथ ही बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी मॉनसून सक्रिय हो जाएगा।