राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही वर्षा ने जनजीवन को प्रभावित किया है। राज्य के सभी जिलों में दक्षिण-पश्चिमी मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो चुका है।

साथ ही बंगाल की खाड़ी और दक्षिणी बांग्लादेश के पास निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है। इन दोनों कारणों से पूरे राज्य में पिछले कुछ दिनों से पूरे राज्य में हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हो रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची से जारी पूर्वानुमान की बात करें तो 22 जून को राज्य के उत्तर पश्चिमी क्षेत्र यानी पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा के अलावे उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा और साहिबगंज में कहीं कहीं भारी वर्षा होने के संकेत हैं।