जमशेदपुर के बिरसानगर थाना अंतर्गत टीचर्स कॉलोनी के समीप रमणी फ्लैट निवासी संजय नारायण सिंह के भांजे नीतीश कुमार सिंह की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गयी है। घटना सोमवार देर शाम करीब 7 बजे के आसपास की बतायी जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक नीतीश कुमार मूल रूप से बिहार के भोजपुर का रहने वाला था। वह नासिक में रहकर पढ़ाई कर रहा था।

वर्तमान में अपनी नानी के श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए जमशेदपुर पहुंचा था। रविवार को उसकी नानी का श्राद्ध कर्म संपन्न हुआ। वहीं, सोमवार शाम के वक्त छत पर वह टहल रहा था। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से नीतीश गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे आनन-फानन में टाटा मुख्य अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।