झारखंड: खूंटी में BJP ग्राम प्रधान की निर्मम हत्या, 15 मिनट तक आतंक मचाते रहे हमलावर

झारखंड के खूंटी जिले में अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ होकर कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। जिले के मारंगहादा थाना क्षेत्र अंतर्गत लांदुप पंचायत के काड़ेतुबिद गांव में शनिवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने भाजपा समर्थित ग्राम प्रधान बलराम मुंडा (45 वर्ष) की उनके घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी।

Trulli

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लगभग दर्जन भर अपराधी रात करीब 11:30 बजे ग्राम प्रधान के घर पहुंचे और पहले मोहल्ले के अन्य घरों के दरवाजों को बाहर से बंद कर दिया, ताकि कोई मदद के लिए बाहर न निकल सके। इसके बाद वे बलराम मुंडा के घर में जबरन घुसे और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अंत में सिर में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई।

 

घटना के समय घर में मौजूद उनका भतीजा अचू मुंडा जब चाचा को बचाने पहुंचा, तो उस पर भी जानलेवा हमला किया गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर करीब 15 मिनट तक ग्राम प्रधान के घर में मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने घर में रखे धान के बोरे फाड़ दिए और अन्य सामानों को भी नुकसान पहुंचाया। हत्या की यह वारदात गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना रही है।

 

सूचना मिलने के बाद मारंगहादा थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अपराधियों की तलाश में जुट गई है। हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश, नक्सली कनेक्शन या अन्य आपराधिक कारणों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल, गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया है।