बस और हाईवा में जोरदार टक्कर, दो दर्जन यात्री घायल

सरायकेला: सरायकेला जिले के राजनगर थाना अंतर्गत चाईबासा-राजनगर मुख्य मार्ग पर बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में यात्री बस और तेज रफ्तार हाईवा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। यह दुर्घटना केसर गड़िया के समीप शाम करीब 5:30 बजे हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार करीब 15 से 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कुल घायलों की संख्या दो दर्जन के आसपास बताई जा रही है।

Trulli

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यात्री बस ओडिशा के बड़बिल से पश्चिम सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा होते हुए टाटानगर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही हाईवा ने अनियंत्रित होकर बस में सीधी टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई।

 

स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने तत्परता दिखाते हुए राहत व बचाव कार्य शुरू किया। कई गंभीर घायलों को तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य को राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां सभी का इलाज जारी है।

 

इधर, सूचना मिलते ही राजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई। दुर्घटनाग्रस्त बस और हाईवा को सड़क से हटाने का प्रयास जारी है ताकि यातायात सामान्य हो सके। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है और हाईवा चालक की तलाश की जा रही है, जो घटना के बाद फरार बताया जा रहा है। हादसे की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा और वाहनों की गति पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।