धनबाद में भीषण सड़क हादसा: दो कारोबारियों के इकलौते पुत्र की दर्दनाक मौत, इलाके में शोक की लहर

धनबाद: जिले के राजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत डोमनपुर के पास शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान धनबाद के दो प्रमुख व्यवसायियों के इकलौते पुत्र साहिल कृष्णानी और अनमोल सिंह के रूप में की गई है। इस हादसे की खबर मिलते ही पूरे शहर में शोक की लहर फैल गई है।

Trulli

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक एक तेज रफ्तार कार में सवार थे, जो डोमनपुर के पास अनियंत्रित होकर एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

समृद्ध व्यापारिक परिवारों से थे संबंध

साहिल कृष्णानी और अनमोल सिंह, दोनों धनबाद के नामचीन कारोबारियों के पुत्र थे और शहर के सामाजिक व व्यावसायिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेते थे। दोनों की असमय मृत्यु से व्यवसायिक जगत में शोक की लहर है। शहर के कई प्रतिष्ठित व्यापारी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक जताया है।

शोक में डूबा धनबाद

शनिवार सुबह जब यह खबर शहर में फैली तो कृष्णानी और सिंह परिवार के आवास पर लोगों का तांता लग गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों ने भी गहरा दुख प्रकट किया है।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कार की तेज रफ्तार और सड़क पर अचानक सामने आए ट्रक को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। हालांकि, पूरी घटना की विस्तृत जांच की जा रही है और CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।