नशे में इंसान बना ‘सांप भक्षक’ – जिंदा सांप को दांतों से काटकर खा गया युवक, मां की चीख और गांव में हड़कंप

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। बबेरू थाना क्षेत्र के हरदौली गांव में रहने वाला 35 वर्षीय अशोक शराब के नशे में इतना चूर हो गया कि उसने एक जिंदा सांप को पकड़कर दांतों से काट-काटकर खाना शुरू कर दिया।

Trulli

मां ने देखा तो कांप उठीं, फिर छीन लिया सांप

घटना के वक्त अशोक के साथ उसकी मां सिया दुलारी भी मौजूद थीं। जब उन्होंने बेटे को यह रौंगटे खड़े कर देने वाली हरकत करते देखा तो चीख पड़ीं। उन्होंने उसे रोका, चिल्लाया, मगर नशे में धुत अशोक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। किसी तरह हिम्मत जुटाकर मां ने अशोक के हाथ से सांप छीना, लेकिन तब तक वह सांप के दो टुकड़े निगल चुका था।

अस्पताल पहुंचते ही शुरू हुआ इलाज

परिजनों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अशोक को तुरंत बबेरू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू किया। डॉक्टरों के मुताबिक, सांप का जहर शरीर में नहीं फैला या बहुत कम असर हुआ, इसी कारण अशोक की जान बच गई। फिलहाल वह खतरे से बाहर है, लेकिन मानसिक और शारीरिक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं है।

गांव में बना कौतूहल का केंद्र

यह घटना पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गई है। लोग अस्पताल पहुंचकर अशोक को देखने आ रहे हैं। लेकिन नशे की हालत में होने के कारण अशोक किसी को ठीक से जवाब नहीं दे पा रहा। गांव वालों का कहना है कि अशोक काफी समय से शराब की लत से जूझ रहा था, लेकिन किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि वह ऐसी खतरनाक हरकत कर डालेगा।

डॉक्टरों और ग्रामीणों की राय

डॉक्टरों ने कहा कि इस तरह की हरकत जानलेवा हो सकती थी। यदि सांप विषैला होता और उसने काट लिया होता या जहर मुंह के रास्ते शरीर में चला जाता, तो परिणाम घातक हो सकते थे। ग्रामीणों ने इस घटना के बाद शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।