बादलों की छुट्टी, सूरज की वापसी: झारखंड में बारिश से राहत, शुक्रवार से मौसम साफ रहने के आसार

रांची: राजधानी रांची समेत झारखंड के अन्य हिस्सों में अब मानसून की सक्रियता धीरे-धीरे कम होती नजर आ रही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है, लेकिन शुक्रवार से राज्यभर में मौसम के साफ रहने का पूर्वानुमान है।

Trulli

 

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राज्य के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र अब कमजोर हो गया है और वह उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से की ओर खिसक चुका है। इसके चलते झारखंड में बारिश की संभावना अब काफी कम हो गई है। बुधवार को दोपहर 12 बजे के बाद रांची और आसपास के इलाकों में मौसम खुला रहा और धूप खिली रही, जिससे लोगों ने थोड़ी राहत की सांस ली।

 

रांची का अधिकतम तापमान बुधवार को 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री दर्ज किया गया। पूरे राज्य में सरायकेला सबसे गर्म रहा, जहां पारा 34.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा।

 

मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि अगले चार दिनों तक राज्य के कुछ हिस्सों में तेज हवा के साथ वज्रपात की घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।