रांची : वेतन की मांग को लेकर HEC सप्लाई कर्मियों का अर्धनग्न प्रदर्शन, उग्र आंदोलन की चेतावनी

रांची: रांची स्थित हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (HEC) के सप्लाई विभाग के कर्मियों ने सोमवार को अपने लंबे समय से लंबित वेतन की मांग को लेकर अर्धनग्न होकर जबरदस्त प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नेहरू पार्क से लेकर एचईसी मुख्यालय तक हाफ पैंट और बनियान में जुलूस निकाला और जोरदार नारेबाजी की।

Trulli

करीब 500 से अधिक कर्मचारियों ने इस आंदोलन में भाग लिया। पिछले 20 दिनों से लगातार आंदोलनरत इन कर्मियों का गुस्सा अब चरम पर है। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि अब वे “आर-पार की लड़ाई” के मूड में हैं और प्रबंधन को उनकी समस्याओं की अनदेखी महंगी पड़ सकती है।

बताते चलें कि HEC के कर्मियों को पिछले दो साल से वेतन नहीं मिला है। आर्थिक तंगी के कारण कर्मियों को बच्चों की स्कूल फीस, दवा, राशन और अन्य जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हो गया है। एक कर्मचारी ने कहा, “हमारे घरों में चूल्हा जलना भी मुश्किल हो गया है। लगातार प्रदर्शन करने के बाद भी सरकार और प्रबंधन दोनों मौन हैं। हम कब तक अपने परिवार को भूखे रखेंगे?”

सप्लाई कर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आने वाले दिनों में भूख हड़ताल और सड़क जाम जैसे कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और प्रबंधन पर अब भारी दबाव है कि वह जल्द से जल्द कोई समाधान निकाले, वरना आंदोलन और अधिक उग्र रूप ले सकता है।

मुख्य बिंदु:

  • वेतन न मिलने के विरोध में HEC सप्लाई कर्मियों का अर्धनग्न प्रदर्शन
  • 500 से अधिक कर्मी आंदोलन में हुए शामिल
  • बीते दो वर्षों से वेतन नहीं मिला
  • जल्द समाधान नहीं मिलने पर भूख हड़ताल व सड़क जाम की चेतावनी