बड़ी खबर: उत्तरकाशी के धाराली गांव में बादल फटने से मची तबाही, खीर गंगा नदी में आई बाढ़ ने कई घर-दुकान बहाए, राहत कार्य जारी

उत्तराखंड से इस वक्त एक बड़ी और दुखद खबर सामने आ रही है। मंगलवार दोपहर उत्तरकाशी जिले के धाराली गांव में बादल फटने की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ावों में से एक इस गांव में खीर गंगा नदी में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है।

Trulli

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, खीर गंगा नदी में अचानक तेज जलप्रवाह आया, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोगों का मानना है कि नदी के जलग्रहण क्षेत्र के ऊपरी हिस्से में बादल फटा, जिसके चलते नदी का जलस्तर बेहद तेजी से बढ़ गया और बाढ़ जैसे हालात बन गए।

 

प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, पहाड़ी से आए तेज बहाव और मलबे के कारण लगभग 20 से 25 घर और दुकानें बह गई हैं। कई लोगों की संपत्तियों को भारी नुकसान हुआ है। हालांकि अभी तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

 

जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और राहत एवं बचाव कार्य में तेजी से जुटी हुई हैं। स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। साथ ही आसपास के गांवों को एहतियातन खाली कराने का आदेश दे दिया गया है।

 

इस बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए उत्तरकाशी समेत कई इलाकों में फिर से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है।