जमशेदपुर: Parsudih थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदनी चौक निवासी 25 वर्षीय सुमित मुंडा की सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और आक्रोशित परिजनों व स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

ड्यूटी पर जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सुमित मुंडा सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे अपनी बाइक से Tata Motors में ड्यूटी करने जा रहे थे। इसी दौरान सलगाजूड़ी हनुमान मंदिर के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को ओवरटेक करने के दौरान टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर लगते ही सुमित सड़क पर गिर पड़े और हाईवा के पहिए की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हाईवा को घेरकर रोक लिया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फरार चालक की तलाश जारी है।
सड़क सुरक्षा को लेकर फूटा लोगों का गुस्सा
हादसे से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और दोषी चालक की गिरफ्तारी के साथ उचित मुआवजे की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क काफी संकरी है और यहां भारी वाहनों की तेज रफ्तार आवाजाही लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने, तय समय पर परिचालन सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।