जमशेदपुर की महिला ने सोशल मीडिया दोस्ती के बहाने रांची युवक से ₹1.45 करोड़ ठगे, ब्लैकमेलिंग का शिकार बना परिवार

रांची: सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती करना रांची के एक युवक को भारी पड़ गया। अरगोड़ा थाना क्षेत्र के पुंदाग रोड निवासी संदीप पाटिल को जमशेदपुर की एक महिला ने पहले दोस्ती के जाल में फंसाया और फिर तीन साल में करीब 1.45 करोड़ रुपये ठग लिए।

Trulli

 

पुलिस को दी गई शिकायत में संदीप ने बताया कि 2022 में उसकी पहचान जमशेदपुर कदमा थाना क्षेत्र के लोहिया पथ भाटिया बस्ती की रहने वाली सपना सोना नामक महिला से हुई थी। धीरे-धीरे महिला उसके परिवार के भी करीब आ गई। इस दौरान उसने पीड़ित की दो महंगी एसयूवी गाड़ियों को अपने कब्जे में ले लिया।

 

ब्लैकमेल कर ऐंठे करोड़ों रुपये

आरोप है कि सपना ने संदीप को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उसने बीमार मां का इलाज कराने और भाई की पढ़ाई का खर्च उठाने का झांसा देकर उससे पैसे निकलवाए। बाद में शारीरिक संबंधों की झूठी जानकारी उजागर करने की धमकी देकर भी वह रकम ऐंठती रही।

 

शिकायत में कहा गया है कि महिला ने पीड़ित के खाते से करीब 75 लाख रुपये खर्च करवाए, जिनसे महंगी घड़ियां, हीरे और सोने के आभूषण खरीदे गए। इसके अलावा बार-बार घूमने और अन्य खर्चों में भी बड़ी रकम ली गई।

 

दोहरी जिंदगी का खुलासा

पीड़ित ने जब महिला की गतिविधियों पर नजर रखी तो पता चला कि सपना का किसी जगजीत सिंह नामक व्यक्ति से भी संबंध है और उसे भी शादी का वादा किया गया है। इस खुलासे के बाद संदीप ने पुलिस से शिकायत की।

 

पुलिस जांच में जुटी

अरगोड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि सपना सोना के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।