जमशेदपुर: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं को एक बड़ी खुशखबरी मिलने जा रही है। सरकार ने सितंबर माह की राशि लाभुक महिलाओं के खातों में ट्रांसफर करने की तैयारी पूरी कर ली है। सामाजिक सुरक्षा निदेशालय की ओर से जानकारी मिली है कि 15 सितंबर के बाद यानी 16 सितंबर से जिलेवार राशि ट्रांसफर करने की प्रक्रिया शुरू होगी। अनुमान है कि एक सप्ताह के भीतर राज्य की सभी लाभुक महिलाओं के खातों में 2500 रुपये की राशि पहुंच जाएगी।

इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करना है। राज्य सरकार ने इस योजना के तहत नवंबर माह तक की राशि का आवंटन पहले ही कर दिया है। विभिन्न जिलों को कुल 9600 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं ताकि किसी भी लाभुक को भुगतान में देरी न हो।
एक माह में दोहरी खुशी
गौरतलब है कि 3 सितंबर को अगस्त माह की राशि लाभुक महिलाओं के खातों में भेजी गई थी। अब सितंबर माह की राशि भी दुर्गा पूजा से पहले मिलने जा रही है। इसका अर्थ यह है कि लाभुक महिलाओं को इस माह दोहरी खुशी मिलने वाली है। वहीं, अक्टूबर माह की राशि दीपावली से पहले खातों में पहुंच जाएगी।
50 लाख महिलाओं को मिलेगा लाभ
राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ करीब 50 लाख महिलाओं को हर माह मिल रहा है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाएं इस योजना से जुड़ी हुई हैं। योजना की राशि सीधे बैंक खातों में भेजी जाती है, जिससे पारदर्शिता बनी रहती है।
त्योहार से पहले आर्थिक सहारा
झारखंड में दुर्गा पूजा और दीपावली जैसे बड़े त्योहारों के मौके पर यह राशि महिलाओं के लिए आर्थिक सहारा साबित होगी। खासकर ग्रामीण इलाकों की महिलाएं इस योजना की मदद से घरेलू खर्चों और त्योहार की तैयारियों को आसानी से पूरा कर पाएंगी। सरकार का मानना है कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने में एक मजबूत कदम है।