जमशेदपुर: शहर में अपराध पर नकेल कसने के लिए सीतारामडेरा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। बीती रात थाना प्रभारी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन कुख्यात अपराधियों — आकाश उर्फ बाटला, कुलजीत सिंह, और राहुल सिंह उर्फ केला — को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, लोहे का मैगजीन, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 23/24 अक्टूबर की रात करीब दो बजे की गई, जब सूचना मिली कि अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सीतारामडेरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध स्थान पर छापेमारी की और तीनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि गिरफ्तार अपराधियों पर कई संगीन मामले पहले से दर्ज हैं।
आकाश उर्फ बाटला, सोनारी व बिष्टुपुर थाना क्षेत्र का पुराना अपराधी है, जिस पर हत्या, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज दस से अधिक मामले हैं। इनमें सोनारी थाना कांड संख्या 28/2016, 200/2017, 17/2018, 06/2019, 42/2019, 60/2019, 140/2021, 155/2022, 167/2022 और 65/2024 प्रमुख हैं। वहीं कुलजीत सिंह पर साइबर (बिष्टुपुर) थाना में मामला संख्या 45/2020 दर्ज है, जबकि राहुल सिंह उर्फ केला पर गोलमुरी थाना में कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, ये तीनों अपराधी मिलकर शहर में अवैध वसूली, रंगदारी और हथियार कारोबार में सक्रिय थे। पूछताछ में उन्होंने कई घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है। गिरफ्तारी दल में थाना प्रभारी राजकुमार सिंह, एसआई मनोज कुमार, सुरज प्रसाद, गौरव सिंह, रामेश्वर प्रसाद, और जितेन्द्र कुमार सिंह शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक ने इस सफलता पर टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई से अपराध जगत को बड़ा झटका लगा है और शहर में कानून व्यवस्था मजबूत करने में यह बड़ी उपलब्धि है।