Jharkhand Big Breaking: झारखंड को मिला नई प्रभारी DGP, तदाशा मिश्रा को सौंपी गई पुलिस की कमान

रांची: झारखंड सरकार ने गुरुवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य की पुलिस व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की विशेष सचिव तदाशा मिश्रा को राज्य की नई प्रभारी पुलिस महानिदेशक (DGP) और पुलिस महानिरीक्षक (IGP) नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, 1994 बैच की भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी तदाशा मिश्रा को यह जिम्मेदारी उनके वर्तमान वेतनमान में ही अगले आदेश तक सौंपी गई है।

Trulli

 

गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना पर अपर सचिव हिमांशु मोहन के हस्ताक्षर हैं। इस आदेश को राज्यपाल की अनुमति प्राप्त है। अधिसूचना की प्रतियां महालेखाकार, गृह मंत्रालय (भारत सरकार), संघ लोक सेवा आयोग, राज्यपाल सचिवालय, मुख्यमंत्री कार्यालय, पुलिस मुख्यालय सहित सभी वरीय पुलिस अधिकारियों को भेज दी गई हैं ताकि आवश्यक कार्रवाई समय पर की जा सके।

 

तदाशा मिश्रा अपनी कड़ी प्रशासनिक कार्यशैली और अनुशासनप्रिय छवि के लिए जानी जाती हैं। झारखंड पुलिस की कमान संभालने के साथ ही उनसे उम्मीद की जा रही है कि वे राज्य में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता देने, भ्रष्टाचार विरोधी अभियानों को गति देने और पुलिस की छवि सुधारने की दिशा में ठोस पहल करेंगी।

 

सूत्रों के मुताबिक, मिश्रा की नियुक्ति को राज्य के मौजूदा राजनीतिक और प्रशासनिक समीकरणों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। आगामी महीनों में झारखंड में होने वाले राजनीतिक घटनाक्रमों और चुनावी गतिविधियों को देखते हुए यह बदलाव रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

गौरतलब है कि झारखंड पुलिस के शीर्ष पद पर लंबे समय से स्थायी नियुक्ति को लेकर चर्चा जारी थी। ऐसे में सरकार द्वारा तदाशा मिश्रा को प्रभारी DGP और IGP बनाना न केवल प्रशासनिक स्थिरता की दिशा में कदम है, बल्कि यह संकेत भी देता है कि राज्य सरकार पुलिस तंत्र को अधिक सक्रिय और जवाबदेह बनाने की दिशा में काम कर रही है।