धालभूम को मिला नया एसडीओ, अर्नव मिश्रा ने संभाला पदभार

जमशेदपुर: धालभूम अनुमंडल को नया अनुमंडल पदाधिकारी मिल गया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 2023 बैच के पदाधिकारी श्री अर्नव मिश्रा ने शुक्रवार को धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त से शिष्टाचार भेंट की।

Trulli

 

शिष्टाचार भेंट के दौरान नवपदस्थापित एसडीओ श्री मिश्रा ने उपायुक्त को नववर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और जिले में बेहतर प्रशासनिक समन्वय के साथ कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। वहीं उपायुक्त ने श्री मिश्रा को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धालभूम अनुमंडल प्रशासनिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जहां जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित और संवेदनशील समाधान आवश्यक है।

 

उपायुक्त ने नवपदस्थापित एसडीओ को प्रशासनिक कार्यों के सुचारु संचालन, आम जनता की समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा क्षेत्र में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि श्री मिश्रा अपने युवा दृष्टिकोण और प्रशासनिक दक्षता से अनुमंडल के विकास कार्यों को नई गति देंगे।

 

पदभार ग्रहण के अवसर पर कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी श्री मिश्रा का स्वागत किया। नवपदस्थापित एसडीओ ने कहा कि उनकी प्राथमिकता जनसेवा, पारदर्शी प्रशासन और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना होगा। उन्होंने टीमवर्क के साथ काम करते हुए अनुमंडल के समग्र विकास के लिए सतत प्रयास करने की बात कही।

 

उल्लेखनीय है कि धालभूम अनुमंडल पूर्वी सिंहभूम जिले का एक प्रमुख प्रशासनिक क्षेत्र है, जहां कानून-व्यवस्था, शहरी प्रबंधन और ग्रामीण विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण दायित्व एसडीओ के अधीन होते हैं। नए एसडीओ की नियुक्ति से प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।