सावधान जमशेदपुर! शोभायात्राओं और पिकनिक भीड़ के बीच आज शहर में ट्रैफिक रहेगा चुनौतीपूर्ण

जमशेदपुर: नए साल का पहला रविवार जमशेदपुर के लिए उत्साह के साथ-साथ ट्रैफिक की बड़ी चुनौती भी लेकर आया है। एक ओर जहां बड़ी संख्या में लोग पिकनिक और सैर-सपाटे के लिए शहर से बाहर निकलेंगे, वहीं दूसरी ओर आज शहर में तीन बड़ी धार्मिक और सांस्कृतिक शोभायात्राओं के आयोजन से सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। प्रशासन के अनुमान के अनुसार करीब दो लाख श्रद्धालु और प्रतिभागी इन शोभायात्राओं में शामिल हो सकते हैं, जिससे कई प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बन सकती है।

Trulli

 

सुबह 11 बजे से पहले निकलना बेहतर

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी जरूरी काम से बाहर जाना हो तो सुबह 11 बजे से पहले ही अपनी मंज़िल तक पहुंचने का प्रयास करें। इसके बाद शोभायात्राओं के कारण कई मार्गों पर यातायात प्रभावित रह सकता है, ऐसे में वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना समझदारी होगी।

 

इन इलाकों से गुजरेंगी शोभायात्राएं

आज शहर में तीन प्रमुख शोभायात्राएं निकाली जाएंगी—

नगर कीर्तन: गोलमुरी रिफ्यूजी कॉलोनी से साकची गुरुद्वारा तक

डहरे टुसू शोभायात्रा (डिमना): डिमना चौक से साकची आमबगान तक

डहरे टुसू शोभायात्रा (गम्हरिया): गम्हरिया से बिष्टुपुर होते हुए साकची आमबगान तक

इन यात्राओं के दौरान संबंधित मार्गों पर यातायात आंशिक या पूरी तरह बाधित रह सकता है।

 

इन सड़कों पर जाम की आशंका

मानगो क्षेत्र में मानगो पुल, डिमना रोड और मानगो-साकची मुख्य मार्ग पर भारी दबाव रहने की संभावना है।

साकची में हाथी-घोड़ा मंदिर रोड, पुराना एमजीएम अस्पताल रोड और आमबगान के आसपास की सड़कें सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकती हैं।

इसके अलावा बिष्टुपुर मेन रोड, जुगसलाई थाना रोड, गोलमुरी मेन रोड और कालीमाटी रोड पर भी जाम लगने की आशंका जताई गई है।

 

वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह

आदित्यपुर से साकची जाने वाले वाहन आदित्यपुर पुल के बाद बेली बोधवाला गैराज, वीमेंस यूनिवर्सिटी, गोपाल मैदान होते हुए बिष्टुपुर गोलचक्कर से साकची पहुंच सकते हैं।

बिष्टुपुर से साकची के लिए गरमनाला रोड और साकची थाना मार्ग बेहतर विकल्प रहेगा।

NH-33 की ओर जाने वाले वाहन साकची से मरीन ड्राइव और डोबो रोड का उपयोग करें।

मानगो से साकची आने-जाने वालों को मानगो पुल पर भीड़ की स्थिति में नया पुल या मरीन ड्राइव चुनने की सलाह दी गई है।

 

प्रशासन की कड़ी तैयारियां

कानून-व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। आज सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा 19 संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल और 12 मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। एम्बुलेंस, स्कूल बस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को जाम से निकालने के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।

 

नागरिकों से अपील

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि बहुत जरूरी न हो तो दोपहर के समय मुख्य सड़कों पर निकलने से बचें। गूगल मैप्स का सहारा लें और संभव हो तो दुपहिया वाहन का उपयोग करें, जिससे संकरी गलियों से आसानी से आवागमन किया जा सके।

 

प्रशासन ने कहा है कि नागरिकों के सहयोग से ही यातायात व्यवस्था को सुचारू रखा जा सकता है। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और नियमों का पालन करें।