राज्य में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए सरकार ने छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्णय लिया है। राज्य सरकार ने आदेश जारी कर 6 जनवरी से 8 जनवरी तक राज्य के सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया है। इस दौरान प्री-नर्सरी, नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के छात्रों के लिए किसी भी प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियां संचालित नहीं होंगी।

यह आदेश केवल सरकारी विद्यालयों तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त, गैर-सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक एवं सभी निजी विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। सरकार का कहना है कि अत्यधिक ठंड और शीतलहर की स्थिति में बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, इसी को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
हालांकि, आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी निर्धारित दिनों में स्कूल आएंगे। उन्हें अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी और इस अवधि में गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा।
वहीं, यदि इस दौरान किसी विद्यालय में प्री-बोर्ड परीक्षा निर्धारित है, तो उसके आयोजन को लेकर संबंधित सक्षम प्राधिकारी अपने विवेक से निर्णय ले सकेंगे। यानी परीक्षा कराई जाए या स्थगित की जाए, इसका फैसला स्थानीय स्तर पर परिस्थितियों को देखते हुए लिया जाएगा।
सरकार के इस निर्णय से अभिभावकों और छात्रों ने राहत की सांस ली है, वहीं शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।