जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामजनमनगर बस्ती के लोगों ने गुरुवार रात कदमा थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। करीब 50 की संख्या में पहुंचे बस्तीवासियों ने थाना परिसर में ही धरना देते हुए इलाके में सक्रिय असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

बस्तीवासियों का आरोप है कि रामजनमनगर निवासी अजय रजक और पंकज आए दिन इलाके में लोगों को परेशान करते हैं, जिससे बस्ती के लोग भय के माहौल में जीवन जीने को मजबूर हैं। लोगों ने बताया कि कई बार इस संबंध में शिकायत भी की गई, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
बताया जाता है कि गुरुवार शाम अजय रजक अपने कुछ साथियों के साथ एक महिला के घर में जबरन घुस गया और वहां मारपीट करने लगा। आरोप है कि उसने घर में मौजूद महिलाओं के साथ भी मारपीट की। घटना के बाद बस्ती के लोगों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग कदमा थाने पहुंचकर घेराव करने लगे।
मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी प्रवेशचंद्र सिन्हा ने बस्तीवासियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब एक घंटे तक थाना परिसर में बैठे रहने के बाद लोग धरना समाप्त कर अपने-अपने घर लौट गए।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।