जमशेदपुर में महिला सुरक्षा पर बड़ा सवाल: बागबेड़ा में महिला से छेड़छाड़, विरोध करने पर बेरहमी से पिटाई, साड़ी खींचकर किया अपमान, देखें Video

जमशेदपुर: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में महिला सुरक्षा को लेकर एक बेहद शर्मनाक और गंभीर मामला सामने आया है। बागबेड़ा नया बस्ती में गुरुवार देर रात एक महिला के साथ छेड़छाड़, मारपीट और अमानवीय व्यवहार की घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया है।

Trulli

 

मिली जानकारी के अनुसार, उसी बस्ती में किराये के मकान में रहने वाली एक महिला देर रात बाजार से अपने घर लौट रही थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एक किराना दुकान के पास अक्सर इलाके के एक कथित शराब कारोबारी के बेटे कन्हैया का अपने नशेड़ी दोस्तों के साथ अड्डा लगा रहता है, जहां शराब और सिगरेट के नशे में धुत होकर आने-जाने वाली महिलाओं से छेड़छाड़ की जाती है।

बताया जाता है कि बुधवार रात भी कन्हैया अपने साथियों के साथ वहीं बैठा हुआ था। जैसे ही महिला बाजार से अपने घर जा रही थीं, उसी दौरान आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे सरेआम लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

 

आरोप है कि मारपीट के दौरान महिला को पकड़कर उसके मुंह में जबरन सिगरेट लगा दी गई। महिला किसी तरह खुद को बचाकर वहां से भागने लगी, लेकिन इस दौरान आरोपियों ने उसकी साड़ी खींच ली, जिससे वह पूरे बस्ती के सामने अपमानित स्थिति में पेटीकोट और ब्लाउज में ही अपने घर पहुंची।

 

घटना के दौरान दुकान पर जमकर हंगामा और तोड़फोड़ भी हुई, जिससे किराना दुकान का सामान तहस-नहस हो गया। बताया जा रहा है कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

 

घटना के बाद पीड़ित महिला और दुकानदार शिकायत लेकर बागबेड़ा थाना पहुंचे। हालांकि महिला का आरोप है कि पुलिस का रवैया सुस्त नजर आया और तत्काल कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। महिला का कहना है कि आरोपी कथित तौर पर शराब कारोबार से जुड़ा होने के कारण उस पर कार्रवाई नहीं हो रही है।

 

इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर ऐसे अपराधियों पर जल्द सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो इलाके में महिलाओं का निकलना मुश्किल हो जाएगा। लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।