जमशेदपुर: साकची के संजय मार्केट में दुकानदारों के बीच भिड़ंत, मारपीट में युवक घायल

जमशेदपुर: शहर के व्यस्त बाजार संजय मार्केट में शुक्रवार को दो दुकानदारों के बीच हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। घटना साकची थाना क्षेत्र की है। मारपीट की इस घटना से बाजार में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।

Trulli

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों दुकानदारों के बीच विवाद की शुरुआत ग्राहकों को अपनी दुकान की ओर बुलाने को लेकर हुई थी। पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और धक्का-मुक्की के बाद हाथापाई शुरू हो गई।

 

आरोप है कि राजा मल्लिक ने अपने भाइयों के साथ मिलकर मोहम्मद आसिफ और उसके भाई पर हमला कर दिया। इस दौरान मोहम्मद आसिफ का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

 

घटना के बाद कुछ देर तक बाजार में तनाव का माहौल बना रहा। हालांकि स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो गई।

 

सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।