सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम में सोमवार को डिप्टी मेयर (उपनहापौर) पद के लिए हुए चुनाव में कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अंकुर सिंह विजयी घोषित किए गए। इस चुनाव में कांटे की टक्कर देखने को मिली, जहां अंकुर सिंह ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी अर्चना सिंह को मात्र एक वोट के अंतर से हराकर जीत दर्ज की।

जानकारी के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया में नगर निगम के कुल 35 वार्ड पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना के बाद घोषित परिणाम में अंकुर सिंह को 18 वोट मिले, जबकि अर्चना सिंह को 17 वोट प्राप्त हुए। इस तरह सिर्फ एक वोट के बेहद मामूली अंतर से अंकुर सिंह ने डिप्टी मेयर पद पर कब्जा जमाया।
अंकुर सिंह पूर्व विधायक अरविंद सिंह उर्फ मलखान सिंह के भतीजे तथा स्वर्गीय प्रवीण सिंह के पुत्र हैं। परिणाम घोषित होते ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और नगर निगम परिसर के बाहर जश्न का माहौल बन गया।
चुनाव प्रक्रिया प्रशासन की कड़ी निगरानी में पूरी तरह पारदर्शी और लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न कराई गई। मतदान और मतगणना के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सकी।
जीत के बाद नवनिर्वाचित डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने सभी पार्षदों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता नगर निगम क्षेत्र का समग्र विकास करना और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना होगा।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि एक वोट के अंतर से मिली यह जीत दर्शाती है कि नगर निगम के सदन में दोनों पक्षों के बीच मुकाबला बेहद कड़ा और रोमांचक रहा।