जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गौड़ बस्ती स्थित साईं सूरज आश्रम के पास स्वर्णरेखा नदी से मंगलवार रात करीब 14 साल के एक किशोर का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान आरुष के रूप में हुई है, जो गोलमुरी के केबल टाउन का रहने वाला था।

मिली जानकारी के अनुसार आरुष मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए स्वर्णरेखा नदी के किनारे आया था। कुल सात लोग वहां मौजूद थे, जिनमें तीन लड़कियां और चार लड़के शामिल थे। इसी दौरान आरुष अपने एक दोस्त के साथ नदी में नहाने के लिए उतर गया।
बताया जाता है कि कुछ देर बाद उसका दोस्त तो नदी से बाहर आ गया, लेकिन आरुष पानी से बाहर नहीं निकल सका। काफी देर तक उसके नहीं दिखने पर दोस्तों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस और परिजनों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद आरुष को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार पूरे मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।