रांची: नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित धुर्वा डैम में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवती ने पानी में कूदकर अपनी जान दे दी। मृतका की पहचान निमिषा झा के रूप में हुई है, जो पुंदाग ओपी क्षेत्र के सेल सिटी की रहने वाली थी और बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी लालपुर में पढ़ाई कर रही थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती को डैम के पास अकेले घूमते हुए देखा गया था। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, उसने अचानक पानी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नगड़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी प्रयास के बाद युवती का शव पानी से बाहर निकाला गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और उनका रो-रोकर बुरा हाल था। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।