जमशेदपुर: कपाली में दिनदहाड़े चाकूबाजी, 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल

जमशेदपुर: कपाली में ईद के दिन शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे ताज़ नगर स्थित अबू बकर मस्जिद के पास 22 वर्षीय युवक रमजान पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

Trulli

 

मिली जानकारी के अनुसार, रमजान अपने घर लौट रहा था, तभी पहले से चले आ रहे विवाद को लेकर शमसाद और ‘छोटे’ नामक युवक 15-20 लोगों के साथ वहां पहुंचे और उससे उलझ गए। इसी दौरान आरोप है कि शमसाद ने चाकू निकालकर रमजान पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।

 

हमले में रमजान को पीठ, गले, कंधे और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

 

घायल रमजान शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता बताया जा रहा है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है।

 

वहीं, उसकी पत्नी सुल्ताना परवीन ने आरोप लगाया है कि घटना की सूचना पुलिस को देने के बावजूद कोई पुलिसकर्मी अस्पताल नहीं पहुंचा। उनका कहना है कि पीड़ित परिवार को ही थाना बुलाया जा रहा है, जिससे नाराजगी बढ़ रही है।

 

ईद जैसे पवित्र मौके पर हुई इस घटना ने इलाके की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खबर लिखे जाने तक मामले में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, हालांकि पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने की पुष्टि करते हुए जांच की बात कही है।