रहस्यमयी मौत से दहला जमशेदपुर: प्रोफेसर का शव क्वार्टर में मिला, शराब या सांप—क्या है सच्चाई?

जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित को-ऑपरेटिव कॉलेज जमशेदपुर के स्टाफ क्वार्टर संख्या-2 में बीएड विभाग के प्रोफेसर भीम राम का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

Trulli

 

घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज के प्राचार्य डॉ अमर सिंह ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची बिष्टुपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है।

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रोफेसर भीम राम लंबे समय से अत्यधिक शराब का सेवन करते थे, जिससे उनकी मौत शराब के ओवरडोज से होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने एक चौंकाने वाली आशंका भी जताई है। उनका कहना है कि क्वार्टर में कई विषैला सांप रहते थे और संभव है कि नशे की हालत में उन्हें सांप ने काट लिया हो।

 

घटनास्थल से उनका मोबाइल फोन उनके पैर के पास मिला है, जिससे यह कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्होंने अंतिम समय में किसी से मदद मांगने की कोशिश की होगी, लेकिन समय पर सहायता नहीं मिल सकी।

 

बताया जा रहा है कि उनकी निजी जिंदगी भी संघर्षों से भरी रही। शादी के महज तीन महीने बाद ही उनकी पत्नी का निधन हो गया था, जिसके बाद वे अकेले रह रहे थे।

 

फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस रहस्यमयी मौत से पर्दा उठ पाएगा।