जमशेदपुर: आगामी रामनवमी पर्व के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी कड़ी में एसटीएफ के डीआईजी इंद्रजीत महथा शहर पहुंचे और सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। उनके आगमन पर एसएसपी कार्यालय में गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया।

इसके बाद डीआईजी ने वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे जिले की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने विशेष रूप से मानगो के संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर वहां तैनात पुलिस बल, निगरानी व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के इंतजामों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, लगातार पेट्रोलिंग करने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार रहे।
इस मौके पर एसएसपी पीयूष पांडेय, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, डीएसपी मुख्यालय-1 भोला प्रसाद और डीएसपी यातायात नीरज पाठक समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने डीआईजी को सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
डीआईजी इंद्रजीत महथा ने कहा कि रामनवमी जैसे महत्वपूर्ण पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए हर स्तर पर पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।